तहलका न्यूज ब्यूरो
रोहतक, 16 मार्च. राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी की रोहतक के रिठाल गांव में हथियारों से लैस दो अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी लेकिन घटनास्थल के समीप एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में हत्या की तस्वीरें कैद हो गई। मंगलवार शाम 24 साल के खिलाड़ी सुखविंदर सिंह अभ्यास के बाद घर लौट रहे थे जब गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।
https://www.youtube.com/watch?v=raBACv00kv8
पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कूटर पर आए दो लोगों ने मंगलवार शाम सुखविंदर की उसके घर के समीप पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना पास के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे पर कैद हो गई।
छाती और माथे पर मारी गोली
सीसीटीवी फुटेज में सुखविंदर घर लौटते हुए अपने फोन पर किसी से बात करते हुए दिख रहा है। दो अज्ञात हमलावर स्कूटर पर उसके पास आए और उसकी छाती और माथे पर गोली मारी जिसके बाद वह जमीन पर गिर गया।
हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और हत्यारों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सुखविंदर के माता पिता के अनुसार उसकी किसी से निजी दुश्मनी नहीं थी।